पोइसर जिमखाना एवं इस्कॉन जुहू द्वारा गीता जयंती का भव्य और दिव्य आयोजन

पोइसर जिमखाना एवं इस्कॉन जुहू द्वारा गीता जयंती का भव्य और दिव्य आयोजन

उत्तर मुंबई में भव्य महोत्सव के रूप में मनाई गई गीता जयंती

पोइसर जिमखाना एवं इस्कॉन जुहू द्वारा गीता जयंती का भव्य और दिव्य आयोजन

* अमित मिश्रा


        कांदिवली : मुंबई के कांदिवली पश्चिम स्थित पोइसर जिमखाना में गीता जयंती  महोत्सव  कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया । उत्तर मुंबई के भाजपा सांसद गोपाल शेट्टी  ने भारतीय सभ्यता और संस्कृति के साथ साथ आध्यात्मिक शिखर के उच्चतम सोपान से जुड़ी अलौकिक और दिव्य श्रीमद्भागवत गीता को स्कूली पाठ्यक्रम में सम्मिलित करने के संदर्भ में लोकसभा में प्रस्ताव रखा था। उसके बाद सांसद श्री शेट्टी के मार्गदर्शन में पोइसर जिमखाना एवं इस्कॉन जुहू की तरफ से प्रत्येक शनिवार को श्रीमद्भागवत गीता पाठ्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां श्रीमद्भागवत गीता पाठ्यक्रम के 18 अध्यायों के शिक्षण का हजारों छात्रों और नागरिकों ने लाभ उठाया और जीवन को सार्थक किया। इसी क्रम में प्रथम बैच के शिक्षण के भगीरथ प्रयास के बाद गीता जयंती के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया।

      गीता जयंती के दिव्य और भव्य समारोह में इस्कॉन और अन्य धार्मिक संस्थानों के प्रमुख संत  ब्रजहरी दास , संत भीमा दास , संत कृष्णभजन दास ,  कपिल शास्त्री , वीरेंद्र याग्निक , जितेंद्र दवे , नलिन शास्त्री  व  राजकुमार महाराज ने इस भव्य आयोजन में भाग लिया और उपस्थित जन समूह को  गीता के ज्ञान से संबंधित जानकारी दी।

      भागवद गीता शिक्षा अभियान समिति के अध्यक्ष  एवं भाजपा नेता डॉ.योगेश दुबे ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत और सम्मान किया। विशेषकर नृत्य नाटिका एवं  श्री कृष्ण की वेशभूषा में कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों का स्वागत सम्मान भी डॉ. योगेश दुबे ने किया।

   इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद गोपाल शेट्टी जी ने शिरकत की। उन्होंने गीता के ज्ञान को अपने जीवन में उतारने के महत्व के बारे में समझाया और कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम पोइसर जिमखाना में और भी भव्य रूप से किया जायेगा ताकि युवाओं एवं बच्चों को गीता में बताये मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिले।

    सांसद गोपाल शेट्टी ने कहा कि कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों में से अगर 10 बच्चे भी अपने जीवन मूल्य को गीता के अध्ययन से जोड़ लेंगे तो इस कार्यक्रम का आयोजन सफल और सार्थक हो जायेगा।

  इस अवसर पर दहिसर की भाजपा विधायक मनीषाताई चौधरी ने भी श्रीमद्भागवत गीता में बताये गए धर्म मार्ग को सीखने और उसपर चलने की बात उपस्थित जन समुदाय से कही।

     पोइसर जिमखाना के अध्यक्ष  मुकेश भंडारी, उपाध्यक्ष  करुणाकर एस. शेट्टी, संजय शाह, ट्रस्टी हर्षद मेहता, महासचिव निषाद कोरा व सचिव मनन पारेख सहित समिति के अन्य सदस्यों ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर प्रशंसनीय योगदान दिया।