मढ मनोरी-गोराई-भायंदर रो-रो फेरी सेवा जल्द ! : केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सांसद गोपाल शेट्टी को पत्र भेजकर कराया अवगत

मढ मनोरी-गोराई-भायंदर रो-रो फेरी सेवा जल्द ! : केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सांसद गोपाल शेट्टी को पत्र भेजकर कराया अवगत

 मढ मनोरी-गोराई-भायंदर रो-रो फेरी सेवा जल्द ! : केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सांसद गोपाल शेट्टी को पत्र भेजकर कराया अवगत

* अमित मिश्रा

     मुंबई : मढ मनोरी-गोराई-भायंदर रो-रो फेरी सेवा का इंतजार कर रहे नागरिकों के लिए अच्छी खबर है। उनका इंतजार अब जल्द खत्म होगा क्योंकि मढ मनोरी-गोराई-भायंदर तटों से रो-रो फेरी सेवा का संचालन शुरू कराने के लिए उत्तर मुंबई के सांसद गोपाल शेट्टी के अथक प्रयास को केंद्र से हरी झंडी आखिर मिल ही गई । सांसद श्री शेट्टी के स्ट्रॉन्ग पेपर वर्क और वाजिब डिमांड के बाद केंद्रीय मंत्री सर्बानद सोनोवाल ने उनको पत्र लिखकर अवगत कराया है कि मढ मनोरी-गोराई-भायंदर समुद्र तटों से रो-रो फेरी सेवा का संचालन यहां जारी पूर्व तैयारियों के तुरंत बाद जल्द शुरू किया जायेगा।

    सांसद गोपाल शेट्टी ने केंद्रीय मंत्री श्री सर्बानन्द सोनोवाल, (बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्रालय) को पत्र लिखकर अनुरोध किया था कि मढ-मनोरी-गोराई-भायंदर तट पर रो-रो फेरी सेवा का संचालन जल्द से जल्द शुरू किया जाए। इसके लिए सांसद श्री गोपाल शेट्टी ने भगीरथ प्रयास शुरू कर दिया था। 

     केंद्रीय जल संसाधन मंत्री श्री सोनोवाल को लिखे पत्र में सांसद श्री शेट्टी ने स्पष्ट कहा था कि "मेरे निर्वाचन क्षेत्र उत्तर मुंबई में मढ-मनोरी-गोराई-भायंदर तट एक बड़ा समुद्री तट है। स्थानीय ट्रेनों को छोड़कर इस क्षेत्र से आवागमन के लिए कोई अन्य विशेष संपर्क नहीं है। मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि जल्द से मढ- मनोरी - भायंदर रो-रो फेरी सेवा शुरू करवायें । इस सुविधा का हजारों नागरिकों को फायदा होगा । ना सिर्फ उनकी यात्रा का समय कम होगा बल्कि शहर में ट्रैफिक की समस्या पर भी कुछ राहत के अलावा नागरिकों के परिवहन खर्च में सुधार होगा। परिवहन के पारंपरिक तरीकों की तुलना में शहर में प्रदूषण कम करने में भी रो-रो फेरी (जलमार्ग परिवहन) अत्यधिक फायदेमंद हो सकता है।

    श्री शेट्टी ने स्पष्ट किया था कि बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने देश में रो-रो फेरी और जलमार्ग परिवहन को बढ़ावा देने के लिए एक इको सिस्टम तंत्र विकसित करना शुरू कर दिया है। जहाजरानी, ​​बंदरगाह और जलमार्ग मंत्रालय ने 1900 करोड़ रुपये की कुल 45 परियोजनाओं को वित्तपोषित किया है। यह योजना मंत्रालय के सागरमाला कार्यक्रम के तहत आती है। अतः इन तटों से रो रो फेरी सेवा जल्द शुरू कराई जाए।

    इस व्यापक पत्र को संज्ञान में लेते हुए केंद्रीय मंत्री श्री सर्वानंद सोनोवाल ने बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्रालय से सांसद गोपाल शेट्टी को रो रो फेरी गतिविधि के संबंध में पत्र द्वारा अब विस्तृत जानकारी दी है । उन्होंने स्पष्ट किया है कि बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्रालय द्वारा महाराष्ट्र में कुल 31 प्रस्तावों के लिए 935 करोड़ रुपये आबंटित किए गए हैं। महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड के तहत इस योजना का काम प्रगति पर है जिसमें मार्वे और भायंदर तट से जुड़े आवश्यक कार्य को पूरा कर लिया गया है, मनोरी और वसई जेट्टी पर यह कार्य अभी प्रगति पर है। इसी प्रकार गोराई, बोरीवली जेट्टी कार्य के संबंध में वन विभाग के साथ आवश्यक कार्यवाही भी चल रही है।
    केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सांसद गोपाल शेट्टी को आश्वासन देते हुए पत्र प्रेषित किया है कि उत्तर मुंबई में रो रो फेरी शुरू करने की पहल के संबंध में बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्रालय पूरा सहयोग देता रहेगा। यहां के आवश्यक कार्य पूर्ण होते ही संचालन शुरू किया जायेगा।
     सांसद गोपाल शेट्टी ने  रो रो फेरी के संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए २ मार्च २०२३ को केंद्रीय मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल जी को अब एक धन्यवाद पत्र भी लिखा है और मुंबई तथा महाराष्ट्र के लिए उनके मंत्रालय द्वारा किए गए विशेष प्रावधान पर प्रसन्नता व्यक्त की है।