सांसद श्री गोपाल शेट्टी का अभिनव उपक्रम : श्रीमदभगवद गीता शिक्षण अभियान का उत्तर मुंबई से शुभारंभ

सांसद श्री गोपाल शेट्टी का अभिनव उपक्रम : श्रीमदभगवद गीता शिक्षण अभियान का उत्तर मुंबई से शुभारंभ

सांसद श्री गोपाल शेट्टी का अभिनव उपक्रम : श्रीमदभगवद गीता शिक्षण अभियान का उत्तर मुंबई से शुभारंभ


* संवाददाता 

       यह उत्तर मुंबई के मतदाताओं/ नागरिकों का सौभाग्य है कि श्रीमदभगवद गीता शिक्षण अभियान  का शुभारंभ उत्तर मुंबई से होने जा रहा है। उत्तर मुंबई की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था पोइसर जिमखाना एवम् इस्कॉन संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में सांसद गोपाल शेट्टी के श्रीमदभगवद गीता शिक्षण अभियान का शुभारंभ दिनांक 11 जून को बोरीवली-पश्चिम के कोराकेंद्र वातानुकुलित हॉल में होगा। 

बता दें कि  सांसद श्री गोपाल शेट्टी ने  श्रीमदभगवद गीता का अभ्यास स्कूल के पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग दिनांक 20  दिसंबर 2011 को लोकसभा में सदन के पटल पर रखी थी । केंद्र सरकार में शिक्षा राज्यमंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी यादव ने तब उत्तर देते हुए कहा था कि यह निर्णय राज्य सरकारों के ऊपर अवलंबित है। कई राज्यों ने श्रीमदभगवद गीता को स्कूली अभ्यासक्रम में समाविष्ट कर दिया गया है । सांसद श्री शेट्टी ने लोकसभा में यह अपेक्षा जताई  थी कि महाराष्ट्र राज्य सरकार भी शीघ्र ही इस पर अमल करेगी। अब  मुंबई शहर में राज्य सरकार के निर्णय की प्रतिक्षा किये बिना सांसद श्री गोपाल शेट्टी ने श्रीमद् भगवद गीता के शिक्षण अभियान का बीड़ा उठा लिया है। 11 जून 2022 को सायं 6 बजे इस्कॉन संस्थान-जुहू तथा पोइसर जिमखाना के संयुक्त तत्वावधान में सांसद गोपाल शेट्टी का गीता अभ्यास उपक्रम शुरू होने जा रहा है। 

 इस्कॉन संस्थान के संत श्री कृष्णभजन दास जी ने 28 मई 2022 को स्वयं आकर सांसद श्री गोपाल शेट्टी को सम्मानित करते हुए इस उपक्रम की रूपरेखा तैयार की है। भाजपा नेता डॉ.योगेश दुबे के सहयोग से इस उपक्रम को साकार किया जा रहा है।

पोइसर जिमखाना के अध्यक्ष मुकेश भंडारी ने सम्पूर्ण समाज को आमंत्रित करते हुए कहा है कि अपनी आनेवाली पीढ़ी को हम सांस्कृतिक धरोहर प्रदान करने के लिए प्रयत्नशील हैं। इसी कड़ी में इस अभियान से सभी लोग जुड़ें।

सांसद गोपाल शेट्टी जी की समाज में गीताभ्यास की मुहिम को गति देने के लिए पोइसर जिमखाना सक्रिय भूमिका में है ऐसा करुणाकर शेट्टी ने भी इस अवसर पर कहा । 

सांसद श्री गोपाल शेट्टी के इस उपक्रम के शुभारंभ कार्यक्रम में इस्कॉन संस्थान के श्री कृष्ण भजन दास जी, विश्वनाथ वेद पाठशाला के संस्थापक श्री मगन भाई राज्यगुरु, स्थानिय विधायक सुनील राणे, मुकेश भंडारी, करुणाकर शेट्टी, निषाद कोरा, डॉ. योगेश दुबे, भाजपा उत्तर मुंबई अध्यक्ष गणेश खनकर, पोइसर जिमखाना के सभी पदाधिकारी, भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी, नगरसेवक एवम् बड़ी संख्या में प्रतिष्ठित नागरिक अपने परिवार के साथ इस समारोह में सम्मिलित होंगे। 

सांसद श्री गोपाल शेट्टी ने आनेवाले दिनों में उत्तर मुंबई की प्रत्येक विधानसभा में स्थानिय विधायक एवम् नगरसेवकों के सहयोग से गीताभ्यास उपक्रम को चलाने की योजना शुरू करने की बात कही है।

उन्होंने आगे कहा कि अपनी आनेवाली पीढ़ी को सदा सर्वदा जीवन के सच्चे मार्ग पर चलने की शिक्षा श्रीमदभगवद गीता के अभ्यास द्वारा हम दे सकें इतने भाग्यवान तो हम बन ही सकते हैं। सांसद श्री गोपाल शेट्टी ने सम्पूर्ण समाज को 11 जून, शनिवार सायं 6 बजे कोराकेंद्र वातानुकुलित डॉम, कोराकेंद्र मैदान नं.१, आर एम भट्टड़ मार्ग, बोरीवली पश्चिम में सादर निमंत्रित किया है।