कवि सुरेश मिश्र को मिला "साने गुरुजी राष्ट्रीय एकता जीवन गौरव पुरस्कार"

कवि सुरेश मिश्र को मिला "साने गुरुजी राष्ट्रीय एकता जीवन गौरव पुरस्कार"

कवि सुरेश मिश्र को मिला "साने गुरुजी राष्ट्रीय एकता जीवन गौरव पुरस्कार"

* संवाददाता

   मुंबई : महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी द्वारा प्रतिवर्ष दिया जाने वाला 'साने गुरुजी राष्ट्रीय एकता जीवन गौरव पुरस्कार' इस बार प्रसिद्ध हास्य कवि एवं तमाम पुस्तकों के रचयिता सुरेश चंद्र मिश्र को चर्चगेट मुंबई स्थित रमेश पामी थडवानी सभागृह जयहिंद महाविद्यालय  में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में प्रदान किया गया। इस पुरस्कार के तहत सुरेश मिश्र को इक्यावन हजार रुपए, स्मृति चिन्ह तथा प्रमाणपत्र वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सुधाकर मिश्र, महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के कार्याध्यक्ष डॉ. शीतला प्रसाद दूबे, पत्रकार विमल मिश्र, साहित्यकार व अकादमी सदस्य प्रमोद शुक्ल और उपाध्यक्ष श्रीमती मंजू लोढ़ा के कर कमलों से प्रदान किया गया। इससे पूर्व भी मिश्र जी को दर्जनों राज्य स्तर एवं राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। उनकी लिखी दो कविताएं महाराष्ट्र शिक्षा बोर्ड पुणे के कक्षा नौवीं और कक्षा छठवीं के पाठ्यक्रम में शामिल की गई हैं। साहित्यकारों और पत्रकारों से खचाखच भरे सभागृह में सुरेश मिश्र ने अपनी कविताओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

    इस अवसर पर अखिल भारतीय सम्मान जीवन गौरव हिंदी सेवी पुरस्कार आचार्य उदयन मीमांसक, अखिल भारतीय डाक्टर राममनोहर त्रिपाठी पुरस्कार पं. राम बोध पांडेय को दिया गया। पत्रकार कृष्ण चंद्र दूबे, संजय भारद्वाज , संध्या पांडेय,गणपत राठौड़, अतुल कुमार अग्रवाल, डाक्टर नीला बोर्दणकर, कुलदीप कुमार श्रीवास्तव को भी विविध क्षेत्रों में योगदान के लिए जीवन गौरव पुरस्कार दिए गये।
   विधा पुरस्कारों में श्रीमती सुधा झालानी, डाक्टर उमेशचंद्र शुक्ल, संतोष कुमार झा, मनोज कुमार गोयल, राकेश त्रिवेदी, श्रीमती प्रतिभा सिंह, श्रीमती ममता सिंह, सहित कविता, कहानी, उपन्यास, निबंध आदि विधाओं में में पुरस्कार दिए गये। कार्यक्रम का संचालन आकाशवाणी के वरिष्ठ उद्घोषक रहे आनंद सिंह ने किया। इससे पहले अकादमी के कार्याध्यक्ष डाक्टर शीतला प्रसाद दूबे ने अकादमी की गतिविधियों पर प्रकाश डाला।