ट्रेनों की देरी औऱ अन्य कठिनाइयों को लेकर पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी ने कोंकण रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों संग की संयुक्त बैठक....

ट्रेनों की देरी औऱ अन्य कठिनाइयों को लेकर पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी ने कोंकण रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों संग की संयुक्त बैठक....

ट्रेनों की देरी औऱ अन्य कठिनाइयों को लेकर पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी ने कोंकण रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों संग की संयुक्त बैठक....

* संवाददाता

    मुम्बई :  पिछले पांच महीनों से, मत्स्यगंधा एक्सप्रेस और मुंबई-मंगलुरु सुपरफास्ट एक्सप्रेस जैसी दो प्रमुख कोस्टल (तटीय) ट्रेनों की आवाजाही में लगातार देरी के बारे में बढ़ती शिकायतों औऱ यात्रियों में बढ़ते हुए असंतोष के बाद जब यह मामला उत्तर मुम्बई के पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी के ध्यान में लाया गया तो उन्होंने बिना समय गंवाए एक प्रतिनिधिमंडल साथ लेकर कोंकण रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से संयुक्त बैठक की। जनसेवक गोपाल शेट्टी के नेतृत्व में गए इस प्रतिनिधि मंडल में वरिष्ठ भाजपा नेता सच्चिदानंद शेट्टी, अरुण शेट्टी पनियूर, विरार शंकर शेट्टी, अश्वित संजीव शेट्टी तथा राजित सुवर्णा सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल थे।
  संयुक्त बैठक में उपरोक्त ट्रेनों की वर्तमान में हो रही देरी पर ध्यान देने, अपर्याप्त व्यवस्था की कठिनाई दूर करने के साथ-साथ सुरक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा करते हुए इसका तत्काल हल निकालने की मांग की गई ।
   बता दें कि इस संदर्भ में
 'टीम युवा ब्रिगेड' व्हाट्सएप समूह में कोंकण रेलवे ट्रेनों के अनियमित संचालन और आम यात्रियों और वरिष्ठ नागरिकों को होने वाली कठिनाइयों के बारे में चिंता व्यक्त की गई थी। जिसके बाद टीम युवा ब्रिगेड के मेंटर और भाजपा नेताओं क्रमशः सच्चिदानंद शेट्टी और अध्यक्ष अरुण शेट्टी पनियूर ने इस मुद्दे को पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी के ध्यान में लाया। जिसके बाद यह संयुक्त बैठक हुई, जिसमें पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल ने कोंकण रेलवे के निदेशक (वाणिज्य और संचालन) सुनील गुप्ता और मुख्य परिचालन अधिकारी राजेंद्र कुमार शर्मा के साथ उपरोक्त विषय पर विस्तृत चर्चा की। उन्हें बताया गया कि पिछले पांच महीनों से मत्स्यगंधा एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12619 अप और 12620 डाउन) और मुंबई-मंगलुरु सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12133 अप और 12134 डाउन) की लगातार देरी से वरिष्ठ नागरिकों, रोगियों, छात्रों और अन्य यात्रियों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मुंबई और तटीय कर्नाटक के बीच यात्रा करने वाले यात्री इससे विशेष रूप से प्रभावित हो रहे हैं। ये ट्रेनें तटीय क्षेत्र की जीवनरेखा हैं। 
  इस संयुक्त बैठक में अधिकारियों के समक्ष कोंकण रेलवे ट्रेनों में हाल ही में हुई सोने और नकद की लूट की घटनाओं के बारे में गंभीर चिंता भी व्यक्त की गई। साथ ही इस बैठक में बांद्रा से वसई के रास्ते मंगलुरु जाने वाली ट्रेन के निलंबन का मुद्दा भी उठाया गया।

  कोंकण रेलवे के निदेशक सुनील गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक जवाब देते हुए कहा कि वर्तमान में रत्नागिरी और मडगांव डिवीजनों में रात में बड़े पैमाने पर ट्रैक के रखरखाव का कार्य किया जा रहा है, जल्द ही सारी मुश्किल हल हो जाएगी। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी कोंकण रेलवे की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिस पर गंभीरता से ध्यान दिया जाएगा।
 उन्होंने आश्वासन दिया कि अगले एक सप्ताह के भीतर मत्स्यगंधा एक्सप्रेस को नियमित करने के प्रयास किए जाएंगे व रखरखाव कार्यों के साथ-साथ, आने वाले दिनों में ट्रेनों को समय पर चलाने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे। लूटपाट की घटनाओं के बारे में उन्होंने कहा कि मामला रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के वरिष्ठ अधिकारियों के ध्यान में लाया जाएगा और अपराध की रोकथाम और यात्री सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सख्त उपायों का अनुरोध किया जाएगा। इसके साथ-साथ बंद की गई बांद्रा-वसई-मंगलुरु ट्रेन के बारे में वह पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे और बन्द हुई सेवा को फिर से शुरू करवाने में अपना पूरा सहयोग देंगे।