"जलाराम जयंती महोत्सव" के भव्य आयोजन में शामिल हुए पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी

"जलाराम जयंती महोत्सव" के भव्य आयोजन में शामिल हुए पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी

"जलाराम जयंती महोत्सव" के भव्य आयोजन में शामिल हुए पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी

* अमित मिश्रा

   बोरीवली : दान, सेवा और सत्य के प्रतीक संत जलाराम बापा की जयंती के अवसर पर बोरीवली (पश्चिम) में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। जलाराम बापा ने अपना संपूर्ण जीवन जरूरतमंदों की सेवा में समर्पित किया और मानवता की राह दिखाई। उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए बोरीवली (पश्चिम) स्थित लोकमान्य तिलक रोड पर जलाराम मंदिर में भव्य “जलाराम जयंती महोत्सव” का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने जलाराम बापा की तस्वीर पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की और मंदिर में दर्शन किए। गोपाल शेट्टी ने कहा कि “जलाराम बापा ने निःस्वार्थ सेवा और मानवता की मिसाल पेश की है। उनका जीवन सिखाता है कि बिना भेदभाव के दूसरों की सेवा करना ही सच्ची भक्ति है।” उन्होंने उपस्थित भक्तों से संवाद स्थापित करते हुए जलाराम बापा के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी थी। पूरे दिन भजन-संकीर्तन, सत्संग और प्रसाद वितरण का आयोजन चलता रहा। “जलाराम बापा की जय” के गगनभेदी जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान रहा। मंदिर को फूलों से सजाया गया था और श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर अपनी आस्था प्रकट की। भक्ति संगीत और कीर्तन से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।

इस मौके पर बोरीवली के समाजसेवी अजयराज पुरोहित सहित अनेक प्रतिष्ठित मान्यवर, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। सभी ने मिलकर जलाराम बापा के उपदेशों को समाज में फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के सफल संचालन में मंदिर ट्रस्ट और स्थानीय स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। महोत्सव का समापन सामूहिक आरती और महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने भाग लिया।

भक्ति, सेवा और एकता का संदेश देते हुए जलाराम जयंती महोत्सव ने बोरीवली की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को नई ऊँचाई प्रदान की।