गर्मियों में आंखों की अतिरिक्त देखभाल है आवश्यक : डॉ. निमेष पी. मेहता
गर्मियों में आंखों की अतिरिक्त देखभाल है आवश्यक : डॉ. निमेष पी. मेहता ( MS -Ophthal )
* हेल्थ डेस्क
गर्मियां आते ही आंखों को लेकर सावधानी बरतना और बढ़ा देना अति आवश्यक हो जाता है।इन 'हॉट-हॉट' दिनों में
धूप, धूल और पसीना हमारी आँखों को बहुत परेशान करते हैं। ऐसे में आवश्यक है आंखों को हेल्दी और कंफर्टेबल रखना, जिसके लिए आवश्यक टिप्स दे रहे हैं दिव्यदृष्टि आई केयर सेंटर (हॉस्पिटल)-बोरीवली, मुम्बई के प्रख्यात नेत्र रोग चिकित्सक एवं नेत्र-सर्जन डॉ. निमेष पी.मेहता।
1) Protective Sunglasses:- डॉ. निमेष मेहता के अनुसार गर्मियों में धूप और UV से बचाव अति आवश्यक है , इसके लिए धूप में घर से बाहर निकलते समय सनग्लासेस अवश्य पहनें। UV400 प्रोटेक्शन वाले चश्मे पहनना धूप की रोकथाम और आंखों को सामान्य रखने के लिए बेहद आवश्यक है। 99-100% UVA/UVB ब्लॉक करने वाले सनग्लासेस (बड़े फ्रेम वाले) एक बेहतर विकल्प होगा क्योंकि ये साइड से भी आंखों की ओर धूप का प्रवेश रोकते हैं।
2) Head cap:-
सनग्लासेस के साथ-साथ
टोपी (कैप) लगाना भी आपकी आंखों की सुरक्षा में ढाल बनेगा। दोपहर 11 से 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलें तो चौड़ी किनारी वाली हैट भी आंखों की सुरक्षा में मददगार साबित होगी।
3) Hydration:- गर्मियों में आंखों में ड्राईनेस और जलन होना बेहद आम समस्या है। डिहाइड्रेशन से शरीर के साथ-साथ आंखें भी ड्राई हो जाती हैं। ऐसे में दिन में 8 से10 गिलास पानी पिएं और शरीर को हायड्रेड रखें।
4) Rule of 20-20-20:- AC और मोबाइल या लैपटॉप स्क्रीन भी आंखें सुखा देती है ऐसे में 20-20-20 वाला रूल फॉलो करें। मेरा मतलब है हर 20 मिनट में 20 सेकंड के लिए 20 फीट दूर देखें व बार-बार पलकें झपकाएं।
5) Eye-Drops:- लुब्रिकेटिंग आई ड्रॉप्स गर्मियों में आंखों की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक मानता हूँ। ऐसे में प्रिज़र्वेटिव-फ्री आर्टिफिशियल टियर्स आप इस्तेमाल कर सकते हैं। हां, इसके रोजाना इस्तेमाल से पूर्व अपने नेत्र रोग विशेषज्ञ से सलाह अवश्य लें।
6) Eye hygiene:- गर्मियों में आंखों में इंफेक्शन होना भी आम बात है, ऐसे में एहतियातन यही कहूंगा कि अपनी आंखें बार-बार न छुएं क्योंकि हाथों में धूल और बैक्टीरिया होते हैं। जिससे इंफेक्शन की गुंजाइश बढ़ जाती है। गर्मियों में इसी कारण कंजंक्टिवाइटिस यानी "आई फ्लू" होना आम लेकिन गंभीर समस्या है।
गर्मियों में अपना तौलिया या रुमाल सदा अन्य लोगों से अलग रखें। अपना तौलिया, तकिया, उसका कवर किसी के साथ शेयर न करें।
7) Swimming:- स्विमिंग करते समय पूल के क्लोरीन से आंखों में जलन होती है। इससे बचने के लिए हमेशा स्विमिंग गॉगल्स अवश्य पहनें और फिर स्विमिंग के बाद अपनी आंखें साफ पानी से अवश्य आंखें धो लें।
8) Contact Lenses:- गर्मियों में कॉन्टैक्ट लेंस लगानेवालों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए। गर्मी में लेंस जल्दी ड्राई हो जाते हैं। स्विमिंग/धूल वाली जगह पर कभी भी लेंस न पहनें तथा हर रोज़ लेंस साफ करें।
9) Food habits/Diet:- गर्मियों में खान-पान और आदतों पर अवश्य ध्यान देना अनिवार्य है। निरोगी आंखों के लिए हमेशा स्वच्छ , ताजा और अच्छा खाएं। विटामिन A, C, E और ओमेगा-3 आंखों को निरोगी रखने में मदद करते हैं अतः गर्मियों में तरबूज, खीरा, गाजर, पालक व बादाम अवश्य खाएं। मांसाहार करने वाले डाइट में मछली रख सकते हैं।
10) Eye-wash:- गर्मियों में थोड़ी-थोडी देर पर आंखों पर ठंडे पानी के छींटों को रोजमर्रा की आदत में शामिल करें। जब भी बाहर से घर आएं, अपनी आंखों पर ठंडे पानी के छींटे अवश्य मारें। इससे सूजन और थकान कम होगी।
11) Make-up & cosmetics:- महिलाओं को भी गर्मियों में अपनी आंखों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। वे अपना मेकअप रात में हटाएं तथा रात में काजल, मस्कारा आदि लगाकर न सोएं। पुराने एक्सपायर डेट के मेकअप का उपयोग न करें, ये आंखों में इंफेक्शन कर सकता है।
12) Sleeping habit:- गर्मियों में पर्याप्त नींद लेंना आपकी आंखों के लिए बेहद फायदेमंद होगा। 7-8 घंटे की पर्याप्त नींद से आंखों को आराम मिलता है और डार्क सर्कल्स भी कम होते हैं।
अंत में यही कहूंगा कि
अगर आंखें लगातार लाल रहें, उसमें जलन-खुजली हो, आपको धुंधला दिखे या पस आए तो कभी घरेलू उपाय या दवा विक्रेता से अपने मन से कोई दवा लेकर उसका उपयोग करने की भूल न करें, बल्कि अपने आई स्पेशलिस्ट को दिखाएं।
