पोईसर जिमखाना में महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता टीम की खिलाड़ी राधा यादव को पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी ने किया सम्मानित
पोईसर जिमखाना में महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता टीम की खिलाड़ी राधा यादव को पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी ने किया सम्मानित
- पोईसर जिमखाना में भव्य सत्कार समारोह का आयोजन
* अमित मिश्रा
कांदिवली : विश्व कप महिला क्रिकेट में भारतीय टीम की विजय में प्रमुखता से योगदान देनेवाली भारत की शान बनी महिला क्रिकेटर *राधा यादव* का सत्कार करने के लिए कांदिवली स्थित पोईसर जिमखाना में एक भव्य सत्कार समारोह का आयोजन किया गया।

इस आयोजन के दौरान उत्तर मुम्बई के पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी ने राधा यादव को शॉल, श्रीफल तथा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर बोरीवली के विधायक संजय उपाध्याय तथा पोईसर जिमखाना के उपाध्यक्ष करुणाकर शेट्टी सहित जिमखाना के सभी पदाधिकारी और भारी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
मीडिया से बात करते हुए जनसेवक गोपाल शेट्टी ने कहा कि
कांदिवली (पश्चिम) के महावीर नगर स्थित अवर लेडी स्कूल की
छात्रा रही राधा यादव फल-सब्जी बेचने वाले ओमप्रकाश यादव की प्रतिभाशाली बेटी है जिसने कठोर परिश्रम और उत्कृष्ट खेल द्वारा भारत को विश्व स्तर पर गौरव दिलाने में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया है। 225 फुट के छोटे से मकान में रहते हुए गल्ली क्रिकेट से कॅरियर शुरू कर क्रिकेट का विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा बनने तक का राधा यादव का जादुई सफर आज के युवाओं के लिए प्रेरणा का माइल स्टोन ( मील का पत्थर) है। उत्तर मुम्बई के साथ-साथ सम्पूर्ण भारत वर्ष को राधा ने गौरवान्वित किया है, इसी लिए उनका अभिनंदन करने के लिए पोईसर जिमखाना में यह विशेष सत्कार समारोह रखा गया। राधा के उत्तम भविष्य और उत्तरोत्तर प्रगति के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं सदा राधा के साथ हैं।
