BMC के विद्यालयों में श्रीमद्भागवदगीता के पठन-पाठन को लेकर पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी ने पालक मंत्री को लिखा पत्र
BMC के विद्यालयों में श्रीमद्भागवदगीता के पठन-पाठन को लेकर पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी ने पालक मंत्री को लिखा पत्र ....
* संवाददाता
महानगरपालिका के स्कूलों में श्रीमद्भागवदगीता का पठन जल्द से जल्द शुरू कराने को लेकर उत्तर मुम्बई के पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी ने कौशल विकास मंत्री तथा मुम्बई के पालक मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा को पत्र लिखा है।
पत्र में जनसेवक गोपाल शेट्टी ने उल्लेख किया है कि मालाड (पश्चिम) की तत्कालीन नगरसेविका श्रीमती योगिता कोली ने लगभग तीन वर्ष पूर्व मुंबई महानगरपालिका के सभागृह में एक प्रस्ताव पेश कर, महानगरपालिका के सभी विद्यालयों में श्रीमद्भागवदगीता का पठन-पाठन शुरू कराने की मांग की थी। इस प्रस्ताव को सभागृह ने बहुमत से मंजूरी दे दी थी। परंतु प्रस्ताव मंजूर होने के तीन वर्ष बाद भी अभी तक मुंबई महानगरपालिका के आयुक्त की ओर से इस संदर्भ में आदेश या निर्देश जारी ही नहीं किए गए हैं।
जनसेवक गोपाल शेट्टी ने आगे लिखा है कि श्रीमद्भागवदगीता केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं है, बल्कि यह जीवनमूल्य, कर्तव्यबोध, नैतिकता और संस्कारों का श्रेष्ठ मार्गदर्शन करने वाली अमूल्य विचारसंपदा है। छात्रों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास और उत्तम संस्कारों के दृष्टिकोण से इसका पठन अत्यंत उपयुक्त होगा।
पत्र के अंत में आग्रह करते हुए उन्होंने कहा है कि आप मुंबई शहर के पालकमंत्री हैं अतः इस विषय में ध्यान देकर, मुंबई महानगरपालिका के आयुक्त को आदेश देते हुए महानगरपालिका के सभी विद्यालयों में श्रीमद्भागवदगीता का पठन-पाठन शुरू करने के बारे में निर्देश जारी करें, यह नम्र विनंती है।
