Malad में गर्भपात, गोहत्या एवं सनातन संस्कृति विषयों से जुड़ा अनोखा आयोजन सम्पन्न

Malad में गर्भपात, गोहत्या एवं सनातन संस्कृति विषयों से जुड़ा अनोखा आयोजन सम्पन्न

Malad में गर्भपात, गोहत्या एवं सनातन संस्कृति विषयों से जुड़ा  अनोखा आयोजन सम्पन्न

* संवाददाता

   मालाड (मुंबई) : गर्भस्थ शिशु संरक्षण समिति भारत एवं मालाड स्थित अल्टामोंटे के आपणो राजस्थान परिवार के संयुक्त तत्वावधान में गर्भपात,भ्रूणहत्या एवं गो-हत्या जैसे संवेदनशील विषयों पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाज में इन कृत्यों से उत्पन्न दुष्परिणामों से सामाजिक पतन और राष्ट्रीय संकट पर मार्मिक चर्चा हुई।  कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। संस्था की राष्ट्रीय मंत्री सरिता सरावगी (रायपुर) ने संस्था का परिचय देते हुए बताया कि गर्भस्थ शिशु संरक्षण समिति पिछले 21 वर्षों से ब्रह्मलीन संत स्वामी रामसुखदास जी महाराज की प्रेरणा से पूरे भारत में भ्रूणहत्या विरोधी अभियान चला रही है। संस्था बड़े स्तर पर सम्मेलन, सेमिनार, जनजागरण रैलियों एवं साहित्य वितरण के माध्यम से सामाजिक जागरूकता फैला रही है।
   संस्था के राष्ट्रीय महामंत्री श्याम सुन्दर मंत्री (कुचामन सिटी) ने "बेटी बचाओ और बहू  पढ़ाओ" का संदेश देते हुए भारतीय समाज में स्त्री शिक्षा एवं पारिवारिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला।
   संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम किशोर तिवाड़ी (बीकानेर) ने अपने अंतर्राष्ट्रीय अनुभवों एवं प्रमाणिक तथ्यों के साथ बताया कि जिन राष्ट्रों ने गर्भपात को जनसंख्या नियंत्रण का माध्यम बनाया, वे आज अपनी जनसंख्या असंतुलन एवं सामाजिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने गर्भपात को महापाप बताते हुए कहा कि यह कृत्य मां की पवित्र कोख में जीवित शिशु की हत्या के समान है और यह उसके संवैधानिक अधिकारों का घोर उल्लंघन है। उन्होंने चेताया कि यदि इस सामाजिक कलंक को दूर करने हेतु सख्त कानून नहीं बनाए गए, तो समाज एवं राष्ट्र को गंभीर संकटों का सामना करना पड़ेगा।
   इस अवसर पर अमेरिका में निर्मित डॉक्यूमेंट्री "मूकचीख" का प्रदर्शन किया गया, जिसमें भ्रूणहत्या के भयावह परिणामों को दिखाया गया। डिम्पल सरावगी के नेतृत्व में बेटी बचाओ विषय पर प्रीति आडूकिया, रचना, उर्वी, अंजू अग्रवाल आदि द्वारा नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई।

   आयोजन में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज (संस्थापक, श्री हरि नारायण सेवा संस्थान, पालघर, मुंबई एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, अखिल भारतीय जैन दिवाकर मंच, संत प्रकोष्ठ) का स्वागत  विजय बागड़िया तथा हर्ष सरावगी आदि ने किया ।

 योगीराज ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता अभियान देश के हर कोने में आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने अपने बांसुरी वादन से समूचे वातावरण को संगीतमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया, जिससे श्रोतागण मंत्रमुग्ध हो गए।  

   इस अवसर पर डॉ. श्याम अग्रवाल, सुनील शरण शास्त्री, कमल पोद्दार, कृष्ण कुमार आडूकिया, देवकीनन्दन जिंदल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे । कार्यक्रम का संचालन ज्योत्सना चौधरी ने किया।