मुंबई में 25 फरवरी को सजेगा “रंग-रंगीलो म्हारो राजस्थान” का भव्य मंच...

मुंबई में 25 फरवरी को सजेगा “रंग-रंगीलो म्हारो राजस्थान” का भव्य मंच...

मुंबई में 25 फरवरी को सजेगा “रंग-रंगीलो म्हारो राजस्थान” का भव्य मंच...

- ज्ञान गंगोत्री काव्य मंच प्रस्तुत करेगा राजस्थानी संस्कृति का रंगारंग उत्सव

* संवाददाता

    मुंबई : राजस्थानी लोक-संस्कृति, परंपरा और रंगों की अनूठी छटा से सजा सांस्कृतिक महोत्सव “रंग-रंगीलो म्हारो राजस्थान” 25 फरवरी को मुंबई में आयोजित किया जाएगा। इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन ज्ञान गंगोत्री काव्य मंच द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य महानगर में बसे प्रवासी राजस्थानियों को अपनी जड़ों से जोड़ना तथा नई पीढ़ी को राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है।
  इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह तथा सुप्रसिद्ध साहित्यकार एवं लोकगायिका इला अरुण की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। पुरस्कृत अतिथियों के रूप में महारानी मंदाकिनी कुमारी एवं ज्योति डी. तोमर को सम्मानित किया जाएगा।
   कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अभिनेता-निर्माता विक्की हाड़ा, जो राजस्थानी फिल्म एसोसिएशन के उपाध्यक्ष हैं, अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। साथ ही लोकप्रिय लोकगायिका रेखा राव और युवा कलाकार कुमार गौतम विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देंगे। साथ ही ज्ञान गंगोत्री काव्य मंच की सभी सदस्याओं द्वारा राजस्थानी संस्कृति और वहां की परंपरा को नृत्य नाटिका द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा।

  आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में लोकगीत, लोकनृत्य, काव्य-पाठ और पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राजस्थान की आत्मा को मंच पर साकार किया जाएगा। “पधारो म्हारो देश” की भावना से प्रेरित यह आयोजन परंपरा और आधुनिकता का सुंदर संगम प्रस्तुत करेगा। यह कार्यक्रम 25 फरवरी को दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगा।   

  इस कार्यक्रम की परिकल्पना एवं संयोजन डॉ. मंजू लोढ़ा द्वारा किया गया है, जो लंबे समय से राजस्थानी संस्कृति और साहित्य के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार में सक्रिय हैं। आयोजकों ने मुंबईवासियों और प्रवासी राजस्थानियों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक संध्या को सफल बनाने की अपील की है।