भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों की हुई घोषणा...

भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों की हुई घोषणा...

भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों की हुई घोषणा...

- पुराने सभी सफल चेहरों के साथ महेश शर्मा को भी दी गई जिम्मेदारी...

- मुंबई कोकण प्रांत में 34 शाखाएँ कार्यरत, जिसका नेतृत्व सेवानिवृत्त सहायक पुलिस आयुक्त अविनाश धर्माधिकारी (अध्यक्ष), सी.ए. सीमांत प्रधान (महासचिव) तथा सी.ए. अभिजीत मराठे (वित्त सचिव) कर रहे हैं....

* अमित मिश्रा

  मुम्बई : प्रसिद्ध संस्था भारत विकास परिषद के लिए वर्ष 2026–2027 हेतु महेश शर्मा को पश्चिम क्षेत्र का संयुक्त महासचिव चुना गया ।
   मुंबई कोकण प्रांत में 34 शाखाएँ कार्यरत हैं, जिसका नेतृत्व सेवानिवृत्त सहायक पुलिस आयुक्त अविनाश धर्माधिकारी (अध्यक्ष), सी.ए. सीमांत प्रधान (महासचिव) तथा सी.ए. अभिजीत मराठे (वित्त सचिव) कर रहे हैं। उनके उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए इस टीम को वर्ष 2026–2027 के लिए पुनः दायित्व सौंपा गया है।

  बता दें कि पुलिस विभाग से सेवानिवृत्ति के बाद पूर्व एसीपी अविनाश धर्माधिकारी, भारत विकास परिषद से जुड़े और विलेपार्ले शाखा के अध्यक्ष बने। उनके नेतृत्व में इस शाखा ने लगातार २ वर्ष शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें विलेपार्ले शाखा अध्यक्ष से मुंबई कोकण प्रांत के अध्यक्ष पद का अति महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया।
  पिछले वर्ष मुंबई कोकण प्रांत ने उल्लेखनीय प्रगति और उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त किए, जिसके कारण राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने वर्ष 2026–2027 के लिए भी इसी टीम को कार्य जारी रखने का निर्णय लिया है।
  पाठकों की जानकारी के लिए बता दें कि संस्था 'भारत विकास परिषद' वर्ष 1963 में स्थापित एक गैर-राजनीतिक, सामाजिक संगठन है, जो स्वामी विवेकानंद जी के मार्गदर्शक सिद्धांतों से प्रेरित होकर समाज के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहा है।
 वर्तमान में यह संगठन पूरे भारत में फैला हुआ है और इसकी 1600 से अधिक शाखाएँ कार्यरत हैं। भारत विकास परिषद की प्रशासनिक संरचना चार स्तरों पर आधारित है — राष्ट्रीय कार्यकारिणी, क्षेत्र (रीजन), प्रांत और शाखा।
   भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति श्री आदर्श कुमार गोयल हैं तथा राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री सुरेश जैन हैं, जो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक हैं।
  प्रत्येक वर्ष मार्च माह में संगठन के चारों स्तरों पर नई समितियों का गठन किया जाता है। 
  विशेष यह कि हाल ही में मुंबई कोकण प्रांत द्वारा बेलापुर शाखा और ऐरोली शाखा का उद्घाटन किया गया, जिससे संगठन के सेवा कार्यों का विस्तार और अधिक हुआ है।