बोरीवली में सजी "स्वर आशा दिवाली पहाट" की महफिल

बोरीवली में सजी "स्वर आशा दिवाली पहाट" की महफिल

 बोरीवली में सजी "स्वर आशा दिवाली पहाट" की महफिल...

* अमित मिश्रा

   बोरीवली : अनुबोध व नवचैतन्य प्रतिष्ठान के संयुक्त तत्वावधान में भाईदूज के अवसर पर "स्वर आशा दिवाली पहाट" कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन समिति के भूषण पाटिल ने मीडिया को बताया कि इस कार्यक्रम में आशा भोसले के गीतों को आज के प्रमुख और नए गायकों धनश्री देशपांडे, मधुरा कुंभार, केतकी चैतन्य, और सहगायक शार्दुल कवठेकर ने बोरीवली के रसिकों के सामने प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। 'उठी श्रीरामा पहाट झाली' इस सुंदर पहाट गीत से दिवाली की यह पहाट मंगलमय और स्मरणीय हो गई। 'विकत घेतला शाम', 'धुंदी कळ्यांना', 'गोरी गोरी पान', 'मामाच्या गावाला जाऊया' जैसे मन को छू लेनेवाले गीतों ने कार्यक्रम में उत्तरोत्तर रंग भरा।  

  मध्यांतर के पहले निलेश परब के ढोलकी वादन ने विशेष प्रशंसा बटोरी। आशाताई के 12000 गीतों में से कुल 35 गीतों का चयन कर प्रस्तुत करने का कार्य संगीत संयोजक और संगीतकार कमलेश भडकमकर ने किया।

    गायिका केतकी चैतन्य ने अंत में 'युवती मना दारुण मन' नाट्यपद से कार्यक्रम की सुरीली पूर्णाहुति की। अभिनेता और निवेदक विघ्नेश जोशी ने रसीले निवेदन द्वारा आशाताई के किस्सों को प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। 

   इस आयोजन में पूर्व विधायक विनोद घोसाळकर, विलास पोतनीस, मुंबई कांग्रेस के एड. अशोक सूत्राळे, अभिनेता प्रदीप कबरे तथा अखिल भारतीय मराठी नाट्य परिषद, बोरीवली शाखा के अध्यक्ष प्रभाकर सावंत आदि मान्यवर उपस्थित थे।