Palghar : सुंदरम सेंट्रल स्कूल में 'विश्व नशा विरोधी दिवस' का आयोजन
Palghar : सुंदरम सेंट्रल स्कूल में 'विश्व नशा विरोधी दिवस' का आयोजन
-श्री हरि नारायण सेवा संस्थान ने युवाओं को दी प्रेरणादायक सीख
* पालघर संवाददाता
पालघर : आज 26 जून को विश्व नशा विरोधी दिवस के अवसर पर सुंदरम सेंट्रल स्कूल, और श्री हरि नारायण सेवा संस्थान-पालघर द्वारा एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पालघर पुलिस विभाग की ओर से उपस्थित पी.आई. बालासाहेब मुंडे ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से बताया।

उन्होंने कहा कि “नशा केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का शत्रु है। एक व्यक्ति के नशे की आदत पूरे घर को अंधकार में धकेल देती है। इसलिए जरूरी है कि युवा पीढ़ी सजग होकर स्वयं को इन बुराइयों से दूर रखे।”

कार्यक्रम में विद्यालय के संस्थापक ट्रस्टी श्रीराम मणि त्रिपाठी ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा “विद्यार्थियों को अपने जीवन में अच्छे खानपान, नियमित दिनचर्या और माता-पिता व शिक्षकों द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलना चाहिए। सम्मान, अनुशासन और संयम ही उन्हें जीवन में सफल बनाएंगे।”
इस अवसर पर श्री हरि नारायण सेवा संस्थान, पालघर-मुंबई-महाराष्ट्र द्वारा देशभर में चलाए जा रहे नशा उन्मूलन अभियान की जानकारी दी गई। संस्था के प्रेरणास्रोत ब्रह्मर्षि योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज वर्षों से विशेष रूप से पालघर के आदिवासी क्षेत्रों में कार्यरत हैं। वे युवाओं को योग, ध्यान और संगीत के माध्यम से नशे से दूर रहने और अपने जीवन को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित करते आ रहे हैं।

कार्यक्रम के आयोजन में मुख्य रूप से पीएसआई खाड़े, महिला पुलिस अमलदार श्रीमती गांगड़े,सुशील पाण्डेय, मोहिनी , मुहम्मद अली , दिव्य मिस व राहुल आदि लोगों का योगदान रहा। प्रधानाचार्य अजी वर्गीस ने कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन किया।
