13 किलो सोना चोरी मामले में आरोपियों को दबोचने वाले पुलिसकर्मियों को विधायक मनिषाताई चौधरी ने किया सम्मानित
13 किलो सोना चोरी मामले में आरोपियों को दबोचने वाले पुलिसकर्मियों को विधायक मनिषाताई चौधरी ने किया सम्मानित
- एमएचबी पुलिस ने 'सदरक्षणाय-खलनिग्रहणाय' के बोधवाक्य को किया सार्थक

* अमित मिश्रा
बोरीवली : 'सदरक्षणाय-खलनिग्रहणाय' के अपने बोधवाक्य को सार्थक करते हुए मुम्बई की एमएचबी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में 72 घंटे के भीतर 13 किलो सोने की चोरी के सनसनीखेज मामले को हल कर तीन आरोपियों को धर दबोचा है और उनसे लगभग 11 किलो चोरी का सोना भी बरामद करने में सफलता पाई है। इन कर्तव्यनिष्ठ और तेजतर्रार पुलिसकर्मियों का दहिसर विधानसभा की विधायक मनिषा ताई चौधरी ने एमएचबी पुलिस स्टेशन जाकर सत्कार किया।

बता दें कि गत दिनों बोरीवली में एक फ्लैट से ₹13.34 करोड़ के 13 किलो सोने की चोरी हो गई थी, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गणेश पवार के नेतृत्व में एमएचबी पुलिस की एक विशेष जांच टीम ने माल सहित गुजरात जा छिपे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनसे करीब 11 किलो सोना भी बरामद कर लिया।

इस मामले में अत्यंत तकनीकी रूप से गहन जांच तथा सफलता के लिए मुम्बई के डीसीपी आनंद भोईंटे के मार्गदर्शन में, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गणेश पवार के नेतृत्व वाली पुलिस टीम का समय, ऊर्जा और कौशल अत्यंत प्रशंसनीय रहा है।

इस सफल कार्रवाई के बाद विधायक मनिषा ताई चौधरी ने एमएचबी पुलिस स्टेशन में सदिच्छा भेंट देकर सीनियर पी.आय. गणेश पवार, पी.आय.गोरडे, एपीआय तारगे व एपीआय आव्हाड सहित पूरी पुलिस टीम का सत्कार किया।
