कृपाशंकर सिंह महाराष्ट्र उत्तर भारतीय मोर्चा के प्रभारी नियुक्त किये गए

कृपाशंकर सिंह महाराष्ट्र उत्तर भारतीय मोर्चा के प्रभारी नियुक्त किये गए

कृपाशंकर सिंह महाराष्ट्र उत्तर भारतीय मोर्चा के प्रभारी नियुक्त किये गए

* संवाददाता

मुंबई : मुंबई समेत महाराष्ट्र के अनेक भागों में लाखों की संख्या में रहनेवाले उत्तर भारतीयों की निर्णायक संख्या तथा उत्तर भारतीय मतदाताओं पर , महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाशंकर सिंह के परंपरागत प्रभाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत ( दादा ) पाटील ने उन्हें एक और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए ,महाराष्ट्र उत्तर भारतीय मोर्चा का प्रभारी नियुक्त किया है। कृपाशंकर सिंह को दिए गए नियुक्ति पत्र में चंद्रकांत दादा पाटील ने भरोसा जताया है कि  उनके संगठन कौशल्य और भारतीय अस्मिता के प्रति लगाव का लाभ भारतीय जनता पार्टी को मिलेगा। कृपाशंकर सिंह को महाराष्ट्र उत्तर भारतीय मोर्चा का प्रभारी बनाए जाने पर अनेक उत्तर भारतीय संगठनों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा उत्तर भारतीय समाज के हितों तथा संरक्षण के लिए आवाज बुलंद की है। उत्तर भारतीय समाज के हर तबके को उन पर पूरा भरोसा है। समझा जाता है कि परिश्रम यात्रा के दौरान जिस तरह से उत्तर भारतीय समाज ने एकजुट होकर कृपाशंकर सिंह का साथ दिया था, उसे देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने उन्हे एक और महत्वपूर्ण पद देकर महाराष्ट्र में रहनेवाले उत्तर भारतीय समाज को पार्टी की तरफ आकर्षित करने का काम किया है।

कृपाशंकर सिंह ने कहा कि वे पार्टी द्वारा दी गई अपेक्षित जिम्मेदारी का निर्वहन पूरे मनोयोग के साथ करेंगे। उनको उत्तर भारतीय मोर्चा का प्रभारी बनाए जाने से आनेवाले मुंबई महानगरपालिका चुनाव में भाजपा को जबरदस्त फायदा मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है।