उत्तर भारतीय संघ भवन में डॉ. राम मनोहर त्रिपाठी लाइब्रेरी का उद्घाटन हुआ

उत्तर भारतीय संघ भवन में डॉ. राम मनोहर त्रिपाठी लाइब्रेरी का उद्घाटन हुआ

उत्तर भारतीय संघ भवन में डॉ. राम मनोहर त्रिपाठी लाइब्रेरी का उद्घाटन हुआ

* समाज के साथ हमेशा खड़े रहे थे बाबूजी : पत्रकार अनुराग त्रिपाठी      

* ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने का प्रयास रहेगा : संतोष आरएन सिंह 

 * अमित मिश्रा

  बांद्रा ( मुंबई ) :  बांद्रा पूर्व के प्रतिष्ठित उत्‍तर भारतीय संघ के आकर्षक और भव्य भवन में  वरिष्ठ साहित्यकार और पूर्व मंत्री रहे स्वर्गीय डॉ. राम मनोहर त्रिपाठी जी की स्मृति में डॉक्टर राममनोहर त्रिपाठी लाइब्रेरी का उद्घाटन किया गया।

   इस लाइब्रेरी का उद्घाटन डॉ. त्रिपाठी जी की पुत्री डॉ. मंजू पांडे और बेटे तथा वरिष्ठ पत्रकार श्री अनुराग त्रिपाठी ने किया। कार्यक्रम का आयोजन उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष प्रसिद्ध समाजसेवी श्री संतोष आर.एन. सिंह ने किया था।

      लाइब्रेरी का उद्घाटन करते हुए पत्रकार श्री अनुराग त्रिपाठी अपने पिता डॉक्टर त्रिपाठी जी की यादों में खो से गए थे। उन्होंने कहा कि बाबूजी बहुत ही सॉफ्ट नेचर के विशाल हृदय इंसान थे। उन्‍होंने हमें कभी डांटा तक नहीं था। हमारा परिवार इतना साधारण था कि अन्य बच्चों की तरह हम भी दूसरों के घर टी.वी. देखने जाते थे। पिताजी नगर-विकास मंत्री और आवास मंत्री तक रहे, लेकिन उनके पास खुद का घर तक नहीं था। हम लोग अपने नानाजी के मकान में रहते थे। बाबूजी के आसपास ईमानदार और निष्ठावान कार्यकर्ता थे और उन्‍होंने डॉ. राम मनोहर त्रिपाठी जी को ईमानदार बनाया। आलम यह होता था कि पिताजी के जागने के पहले ही उनसे मिलने वालों की लंबी-चौड़ी भीड़ एकत्रित हो जाती थी। उन्‍होंने सभी का साथ दिया, यही वजह है कि उनके निधन के 20 साल बाद भी हम उन्हें याद कर रहे हैं।

   संतोष आरएन सिंह के बारे में अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि वे अपने पिता जी जैसी बहादुरी दिखा रहे हैं। उत्‍तर भारतीय संघ और यहां स्थित कॉलेज का कायाकल्‍प होता दिख रहा है। नई पीढ़ी में नया जोश दिखाई दे रहा है।

     इस आयोजन के अवसर पर उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष आर.एन सिंह ने कहा कि आज गौरव का दिन है। आज की युवा पीढ़ी अपने पुरखों की विरासत जान सके, इसलिए इस लाइब्रेरी को शुरू किया गया है। उन्‍होंने आगे कहा कि दिसंबर माह में उत्तर भारतीय संघ की तरफ से सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। स्वर्गीय आरएन सिंह का सपना था कि उत्तर भारतीय संघ भवन की प्रसिद्धि इतनी फैले कि बाहर के लोग भी इसे देखने यहां आएं। हम इसी सपने को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। अब एमएमआर रीजन के लोगों को उत्तर भारतीय संघ से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

      कार्यक्रम में पूर्व मंत्री और सांसद रमेश दुबे, पूर्व सांसद हरबंस सिंह, भाजपा विधायक राजहंस सिंह, पूर्व मंत्री नसीम खान, चंद्रकांत त्रिपाठी, राधेश्‍याम तिवारी, जी.पी सिंह, शारदा प्रसाद सिंह, रमेश बहादुर सिंह ने संबोधित किया।

   कार्यक्रम में द्वारिकप्रसाद मिश्रा, मीरा- भाईंदर के भाजपा अध्यक्ष रवि व्यास, हरीश सनस, कन्हैयालाल सराफ, मुंबई भाजपा के उपाध्‍यक्ष अमरजीत सिंह, मुंबई भाजपा के प्रवक्ता उदय प्रताप सिंह और अजय सिंह, मुंबई कांग्रेस उत्तरभारतीय मोर्चा कार्याध्यक्ष अवनीश सिंह , ब्रह्मदेव सिंह, आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली, अनिल त्रिवेदी, रामबक्श सिंह, अखिलेश सिंह सहित बड़ी संख्या में उत्तर भारतीय तथा पत्रकार उपस्थित थे।
    कार्यक्रम का संचालन उत्तर भारतीय संघ के युवा शाखा के अध्यक्ष श्री संजय सिंह ने किया।