डॉ. मंजू लोढ़ा की कलम से मां के नाम एक भावुक पत्र "प्रिय मां ...."

डॉ. मंजू लोढ़ा की कलम से मां के नाम एक भावुक पत्र "प्रिय मां ...."

डॉ. मंजू लोढ़ा की कलम से मां के नाम एक भावुक पत्र "प्रिय मां ...."

प्रिय मां,

आज मन बहुत व्याकुल है। मैं अपने आप से प्रश्न कर रही हूं कि क्या सचमुच मेरी याददाश्त कमजोर हो रही है? 39 वर्षों में पहली बार ऐसा हुआ कि मैं तुम्हारी पुण्यतिथि भूल गई। यह सोचकर ही मन सिहर उठता है। लेकिन शायद वजह यह है कि मैं तो हर रोज तुमसे मन ही मन बातें करती हूं, इसलिए कभी लगता ही नहीं कि तुम मुझसे दूर हो। तुम तो यहीं हो, मेरे आसपास, मेरे भीतर।

मां... यह शब्द ही जीवन का सबसे मधुर संगीत है। तुम्हारा नाम लेते ही मन में एक अद्भुत शांति और खुशी उतर आती है। और जब मां तुम जैसी हो — सीधी, सच्ची, सरल और सेवा-भावी — तो लगता है कि पिछले जन्मों में मैंने जरूर बहुत पुण्य किए होंगे, जो इस जन्म में तुम्हें मां के रूप में पाया।

तुम छोटी-सी उम्र में हमें छोड़कर चली गईं। केवल 52 साल की आयु में ईश्वर ने तुम्हें अपने पास बुला लिया। शायद भगवान को भी अच्छे और निर्मल आत्माओं की जरूरत होती है। लेकिन मां, तुम्हारा स्नेह, तुम्हारा आशीर्वाद, तुम्हारी छाया आज भी हमारे चारों ओर फैली हुई है।

आज भी जब कोई समस्या आती है, मैं मन ही मन तुमसे बात कर लेती हूं और समाधान अपने आप सामने आ जाता है। जब बीमार पड़ती हूं, तो महसूस होता है कि जैसे कोई हाथ मेरे माथे पर फिर रहा है और सचमुच तकलीफ़ कम हो जाती है। मां, यही तुम्हारी शक्ति है — जीवित रहते हुए भी तुम हमारी ढाल थीं और मृत्यु के बाद भी हमारे चारों ओर अदृश्य शक्ति की तरह मंडरा रही हो।

मां, उम्र बढ़ने के साथ तुम्हारी कमी और भी गहराई से महसूस होती है। कभी-कभी मन तड़प उठता है कि काश तुम्हारा कंधा होता, जिस पर सिर रखकर निश्चिंत हो जाती। काश एक बार तुम्हारी गोद में सिर रखकर सो जाती और उठते ही लगता कि जन्मों की थकान मिट गई।

मां, एक बार तो आ जाओ ना...
अपने गले से मुझे लगा लो।
तुम्हारा स्पर्श ही मेरी सबसे बड़ी दवा है, मेरा सबसे बड़ा सहारा है।
सचमुच मां मां तुम सचमुच अमर हो तो हमारे दिलों में हमारे संस्कारों में हमारी सांसों में हमेशा जीवित रहोगी। ‌‌।    

"ममता की मूरत मां, स्नेह की साक्षात छांव, जीवन के हर मोड़ पर, देती रहेगी ठांव।"

आई लव यू मां.....

* तुम्हारी बिटिया 

  -  मंजू लोढ़ा (मुंबई )