स्वच्छता के प्रति जागरूकता के लिए वार्ड-13 में "स्वच्छ सोसायटी प्रतियोगिता-2025" का आयोजन

स्वच्छता के प्रति जागरूकता के लिए वार्ड-13 में "स्वच्छ सोसायटी प्रतियोगिता-2025" का आयोजन
स्वच्छता के प्रति जागरूकता के लिए वार्ड-13 में "स्वच्छ सोसायटी प्रतियोगिता-2025" का आयोजन
* संवाददाता
  बोरीवली : नरेंद्र फाउंडेशन तथा नरेंद्र हॉस्पिटल-बोरीवली (पूर्व) के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता के प्रति जागरूकता के लिए अनोखी पहल की जा रही है। इसके लिए बोरीवली-पूर्व के वार्ड क्रमांक-13 की सभी निवासी सोसाइटियों के लिए "स्वच्छ सोसाइटी प्रतियोगिता-2025" का आयोजन किया गया है।

   आयोजक डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि  वर्षा ऋतु के मौसम में अनेकों तरह की बीमारियों का खतरा नागरिकों के सिर पर मंडराता रहता है। डेंग्यू, मलेरिया से लेकर अनेक घातक बीमारियों के खतरों से बचने के लिए नागरिकों को हमेशा अपने परिसर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभानी होगी, तभी वे और उनका परिवार बीमारियों के हमले से सुरक्षित रह पाएगा।
  उन्होंने आगे कहा कि सिर्फ वर्षा ऋतु ही नहीं बल्कि साल के 365 दिन परिसर को स्वच्छ रखना सभी नागरिकों का कर्तव्य भी है। इसी विषय में जागरूकता फैलाने और लोगों को प्रेरित करने के लिए इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। सोसाइटी को स्वच्छ रखने के प्रोत्साहनार्थ हम आकर्षक पारितोषिक भी देने जा रहे हैं। इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए 10 अगस्त तक पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। 11 अगस्त से 13 अगस्त के बीच हमारी टीम सोसाइटी का निरीक्षण करेगी और फिर स्वतंत्रता दिवस, 15 अगस्त के दिन सुबह 9 बजे से 11 बजे के बीच बोरीवली-पूर्व में कस्तूरबा मार्ग क्रमांक-5 के सीता महल, ग्राउंड फ्लोर स्थित नरेंद्र हॉस्पिटल के पास ज्ञानदीप सोसायटी परिसर में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। विशेष बात यह है कि सभी विजेता सोसाइटियों को पुरस्कृत करने के साथ-साथ उन सभी सोसायटियों को भी प्रोत्साहनार्थ प्रमाण-पत्र तथा भेंट वस्तु दी जाएगी जो इस प्रतियोगिता में शामिल होंगी।